अन्तर्राष्ट्रीय विश्व एकता एवं विश्व शान्ति महोत्सव ‘कॉन्फ्लुएन्स-2023’ का भव्य उद्घाटन

अन्तर्राष्ट्रीय विश्व एकता एवं विश्व शान्ति महोत्सव
‘कॉन्फ्लुएन्स-2023’ का भव्य उद्घाटन
Akluj Vaibhav News Network.
Chief Editor Bhagywant Laxman Naykude.
Akluj , Taluka Malshiras, District Solapur. Maharashtra State, India.
Mo. 9860959764.
Lucknow लखनऊ, 30 अगस्त। सिटी मोन्टेसरी स्कूल, इन्दिरा नगर कैम्पस द्वारा आयोजित चार दिवसीय अन्तर्राष्ट्रीय विश्व एकता एवं विश्व शांति महोत्सव ‘कॉन्फ्लुएन्स-2023’ का भव्य उद्घाटन आज सायं सी.एम.एस. कानपुर रोड ऑडिटोरियम में हुआ। समारोह के मुख्य अतिथि श्री सुधांशु मणि, वंदे भारत एक्सप्रेस के जनक एवं भारतीय रेलवे के पूर्व जनरल-मैनेजर, ने दीप प्रज्वलित कर ‘कॉन्फ्लुएन्स-2023’ का विधिवत् उद्घाटन किया। इस अवसर पर अपने संबोधन में श्री सुधांशु मणि ने कहा कि वर्तमान दौर में शान्ति शिक्षा का विशेष महत्व है। अतः यह आवश्यक है कि हम बच्चों को मानवीय गुणों से परिपूर्ण करें और उन्हें एकता व शान्ति की महत्ता से अवगत करायें। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह महोत्सव छात्रों की सृजनात्मकता एवं प्रतिस्पर्धा की भावना को उभार कर उनके सर्वांगीण विकास में सहायक होगा। विदित हो कि ‘कॉन्फ्लुएन्स-2023’ का आयोजन 30 अगस्त से 2 सितम्बर तक सी.एम.एस. कानपुर रोड ऑडिटोरियम में किया जा रहा है, जिसमें श्रीलंका, नेपाल एवं भारत के विभिन्न प्रान्तों से पधारे लगभग 500 छात्र विभिन्न रोचक प्रतियोगिताओं के माध्यम से एकता व शान्ति का संदेश दे रहे हैं।

उद्घाटन समारोह में देश-विदेश की प्रतिभागी छात्र टीमों ने जहाँ एक ओर अनूठे अंदाज में अपना परिचय प्रस्तुत किया तो वहीं दूसरी ओर सी.एम.एस. छात्रों द्वारा प्रस्तुत शिक्षात्मक-साँस्कृतिक कार्यक्रमों की मनोहारी छटा ने सभी को झूमने पर मजबूर कर दिया। इस अवसर पर सी.एम.एस. छात्रों ने वंदे मातरम, सर्वधर्म प्रार्थना, विश्व एकता प्रार्थना, स्वागत गान, कान्फ्लुएन्स सांग, लोकनृत्य, कोरियोग्राफी आदि विभिन्न कार्यक्रमों की रंगारंग प्रस्तुति से सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया।
इससे पहले, ‘कॉन्फ्लुएन्स-2023’ में पधारे विभिन्न देशों के छात्र सी.एम.एस. कानपुर रोड ऑडिटोरियम में आयोजित एक प्रेस कान्फ्रेन्स में पत्रकारों से रूबरू हुए। पत्रकारों से बातचीत करते हुए गेटवे कालेज, कोलंबो, श्रीलंका से पधारे छात्रों ने कहा कि एकता व शान्ति के इस मंच पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करने हेतु हम सभी लालायित हैं। हमें विश्वास है कि कान्फ्लुएन्स की प्रतियोगिताएं हमारे प्रतिभा विकास में मददगार होंगी। संघमित्था बालिका विद्यालय, श्रीलंका की छात्राओं का कहना था कि इस महोत्सव में विभिन्न रोचक प्रतियोगिताओं के माध्यम से छात्रों की बहुमुखी प्रतिभा की परख तो होगी ही, साथ ही इससे मेलजोल और भाई-चारे की भावनाओं का भी विकास होगा। काठमांडू वर्ल्ड स्कूल, नेपाल से पधारे छात्र सी.एम.एस. की मेजबानी से बहुत प्रसन्न थे। इन छात्रों ने कहा कि हम पूरी तैयारी के साथ इन प्रतियोगिताओं में भाग लेने आये हैं। इसी प्रकार देश-विदेश से पधारे अन्य छात्रों का कहना था कि कान्फ्लुएन्स-2023 सौहार्द व मैत्री की भावना को ब़ढ़ावा देने वाला अन्तर्राष्ट्रीय मंच है।

सी.एम.एस. संस्थापक व प्रख्यात शिक्षाविद् डा. जगदीश गाँधी ने इस अवसर पर कहा कि भावी पीढ़ी में एकता व शान्ति के विचारों को बढ़ावा देना ही इस आयोजन का मूल उद्देश्य है। यह महोत्सव विभिन्न देशों के छात्रों को एक-दूसरे की सभ्यता व संस्कृति से रूबरू कराकर विश्व एकता व विश्व शान्ति के नये द्वार खोलेगा। ‘कान्फ्लुएन्स-2023’ की संयोजिका एवं सी.एम.एस. इन्दिरा नगर कैम्पस की प्रधानाचार्या श्रीमती रुचि भुवन जोशी ने विश्वास व्यक्त किया कि यह महोत्सव छात्रों के बहुमुखी प्रतिभा के विकास के साथ ही उनके मानवीय एवं आध्यात्मिक दृष्टिकोण का भी विकास करेगा।

सी.एम.एस. के मुख्य जन-सम्पर्क अधिकारी श्री हरि ओम शर्मा (Hari Om Sharma Chief Public Relations Officer, City Montessori School, Lucknow) ने बताया कि ‘कान्फ्लुएन्स-2023’ के अन्तर्गत प्रतियोगिताओं का सिलसिला कल 31 अगस्त, वृहस्पतिवार को प्रातः 9.30 बजे से प्रारम्भ होगा। कल, 31 अगस्त को आयोजित होने वाली प्रतियोगिताओं में ब्रेन-ओ-थॉन (क्विज), ओपेरा हाउस (ड्रामा), रिद्मिक ताल (कोरियोग्राफी) एवं कान्फ्लुएन्स (समूह प्रतियोगिता) प्रमुख है।

